पटना , फ़रवरी 01 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय बजट को सकारात्मक एवं स्वागत योग्य बताया और कहा कि यह बजट विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पेश किया गया है।
श्री कुमार ने आज एक्स पर लिखा, केंद्रीय बजट प्रगतिशील एवं भविष्योन्मुखी है। उन्होंने कहा कि बजट के माध्यम से केंद्र सरकार ने देश के विकास की गति को बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा किइस बार केंद्रीय बजट में देश में सात हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की घोषणा की गई है। इसमें वाराणसी -सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनने से बिहार को भी काफी फायदा होगा। साथ ही बजट में देश भर में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग बनाने की घोषणा की गई है। इसके तहत पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि जलमार्ग के विस्तार से बिहार के भी कई शहरों को फायदा मिलेगा तथा राज्य के उत्पादों के निर्यात की सुविधा बढ़ेगी और व्यापारिक एवं व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
श्री कुमार ने कहा कि केंद्रीय बजट में देश भर में बड़े टेक्सटाइल पार्क तथा महात्मा गांधी स्वरोजगार योजना की घोषणा की गई है। साथ ही बजट में सेमीकंडक्टर के लिए 40 हजार करोड़ रूपए के सपोर्ट का ऐलान किया गया है। इससे बिहार सहित देश भर के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और देश का आर्थिक विकास और तीव्र गति से हो सकेगा।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि केंद्रीय बजट में घोषणा की गई है कि विकास और रोजगार के अवसरों में तेजी लाने के लिये पूर्वोतर राज्यों और उत्तर-पूर्व क्षेत्र पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इससे जुड़ी विकास की योजनाओं से बिहार को औद्योगिक निवेश, आधारभूत संरचना और युवाओं के लिए अधिक रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही, केंद्रीय बजट में शहरों के विकास के लिये किए गए प्रावधानों से बिहार में शहरीकरण को नई गति मिलेगी। इससे राज्य के शहरों में आधारभूत संरचना, निवेश और रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा।
श्री कुमार ने कहा कि इस बार के केंद्रीय बजट में देश के सभी जिलों में एक गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा की गई है। इससे उच्च शिक्षा ग्रहण करने में लड़कियों को काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि एक बेहतर बजट पेश करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण धन्यवाद के पात्र हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित