जयपुर , फरवरी 03 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि केंद्र सरकार की ओर से पेश किया गया आम बजट 2026-27 राजस्थान की प्रगति और विकास को मजबूती देगा।
श्री शर्मा मंगलवार को राजस्थान विधानसभा में सदन की कार्यवाही प्रारंभ होने से पहले यहां पक्ष लॉबी मेें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक के प्रारंभ में ही पूर्व मंत्री हेम सिंह भड़ाना एवं पूर्व विधायक रामलाल मेघवाल के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों एवं विधायकों को सदन में अच्छी उपस्थिति के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि इस सत्र की कार्यवाही का आमजन के हितों के लिए पूरा सदुपयोग किया जाए। उन्होंने सदन में अच्छा बोलने वाले विधायकों की सराहना भी की।
उन्होंने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार की ओर से पेश किया गया आम बजट राजस्थान की प्रगति और विकास को मजबूती देगा और इसमें पर्यटन, उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), कृत्रिम बुद्धमत्ता (एआई) जैसे क्षेत्रों में किए गए प्रावधानों से राजस्थान में इन क्षेत्रों में विकास होगा। उन्होंने आम बजट में राजस्थान के लिए रेलवे क्षेत्र में किए गए 10 हजार करोड़ रुपये के बजट प्रावधान का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास हमारी सरकार की प्राथमिकता है। सरकार की योजनाओं के माध्यम से पिछले दो वर्षों में जमीनी स्तर पर योजनाओं का सफल क्रियान्वयन कर इसे सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने राज्य में चल रहे ग्राम उत्थान शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।
बैठक में मंत्री एवं भाजपा विधायक शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित