चित्तौड़गढ , फरवरी 02 -- राजस्थान के सहकारिता मंत्री गौतम दक ने केंद्रीय बजट को महिलाओं, युवाओं एवं किसानों के लिए कौशल विकास और नवाचार की दिशा में समर्पित बताया है।

श्री दक ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस बजट को विकसित भारत के लक्ष्य प्राप्त करने के लिये महिलाओं, युवाओं एवं किसानों के कौशल विकास के साथ आधुनिक तकनीकी को समर्पित किया है। इसमें देश के पांच सौ जलाशयों को मछली पालन के लिए चिन्हित किया गया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को अब कृषि क्षेत्र में समाहित करने का निर्णय लिया है वहीं सहकारिता कृषि में करों की कमी करके किसानों को और अधिक समृद्ध बनाने का प्रयास किया है। नवाचार कृषि को प्राथमिकता देते हुए अब नारियल, कोको और काजू की खेती को बढावा देने के भी बजट में प्रावधान किये गये हैं।

श्री दक ने कहा कि युवाओं के लिए स्टार्ट अप एवं मध्यम एवं लघु उद्योगों को भी राहत देते हुए आईआईएम के मार्फत युवाओं एवं छात्रों को एआई प्रशिक्षण देने का प्रावधान कर विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में बडा कदम उठाया है।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि वित्त मंत्री ने बजट में महिलाओं को देश के विकास में मुख्य भागीदार मानकर देश भर के डेढ लाख सेवा प्रदाता केंद्रों के लिए उनका कौशल विकास कार्यक्रम चलाकर उन्हें व्यवसायी बनाने की ठानी है। इससे महिलाएं और सशक्त होगी, जिससे आत्म निर्भर भारत की कल्पना साकार होगी।

उन्होंने बजट के अन्य प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी इस दौरान विधायक सुरेश धाकड़, जिलाध्यक्ष रतन गाडरी एवं जिला कलेक्टर आलोक रंजन सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित