लखनऊ , फरवरी 01 -- केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने इसे भारत की अर्थव्यवस्था को अगले दशक के लिए तैयार करने वाला दूरदर्शी बजट बताया है।
रविवार को एक बयान जारी कर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि यह बजट केवल तात्कालिक जरूरतों तक सीमित नहीं, बल्कि विकास, निवेश और रोजगार का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है। रिकॉर्ड 12.2 लाख करोड़ के पूंजीगत व्यय से इंफ्रास्ट्रक्चर, निर्माण और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्रों में गति आएगी, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा। लगभग 4.3 फीसद के फिस्कल डेफिसिट लक्ष्य के साथ सरकार ने विकास और वित्तीय अनुशासन का संतुलन भी बनाए रखा है।
डॉ. सिंह ने बताया कि हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, लॉजिस्टिक्स और बढ़ी हुई केंद्रीय कर हिस्सेदारी से उत्तर प्रदेश को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही सेमी कंडक्टर मिशन 2.0, एमएसएमई और स्टार्ट-अप इकोसिस्टम पर फोकस युवाओं के लिए नए अवसर खोलेगा।
उन्होंने कहा कि यह बजट उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर, समावेशी और रोजगार-उन्मुख भारत की मजबूत नींव रखता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित