दरभंगा , दिसंबर 15 -- रभंगा सदर के छठी बार विधायक बने बिहार सरकार के पूर्व मंत्री संजय सरावगी ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है और वह उस विश्वास पर खरे उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।

बिहार भाजपा के अध्यक्ष के रूप में उनके नाम की घोषणा के बाद श्री सरावगी दरभंगा के ऐतिहासिक सिद्ध पीठ माता के स्थान श्यामा माई मंदिर पहुंचे और दर्शन पूजन कर आशीर्वाद लिया।

श्री संजय सरावगी ने माता के दर्शन के बाद संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा के बाद वह अपने पैतृक शहर दरभंगा पहुंचे और मां श्यामा माई के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने कहा कि यहीं से उन्हें शक्ति मिलती है और मां के आशीर्वाद से ही उन्हें लगातार छठी बार जनता की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को मिली प्रचंड जीत के बाद सभी सहयोगी दलों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए भाजपा संगठन को और मजबूत करने का क्रम उनके कार्यकाल में भी जारी रहेगा।

श्री सरावगी ने इस अवसर पर नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर बधाई देते हुए कहा कि यह सिर्फ भाजपा में ही संभव है कि छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी बड़े दायित्व और सम्मान के लायक समझा जाता है।

श्री सरावगी के भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर दरभंगा जिले के कार्यकर्ताओं में खुशी का संचार हो गया है और बड़ी संख्या में संगठन से जुड़े लोग उनके आवास पर पहुंच कर मुलाकात कर रहे हैं तथा बधाई दे रहे हैं।

जैसे ही यह खबर दरभंगा पहुंची, उनके आवास पर सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक इकठ्ठा हो गए। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया, लड्डू बांटे और जमकर पटाखे फोड़कर खुशी का इजहार किया।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संजय सरावगी के प्रदेश अध्यक्ष बनने से संगठन को मजबूती मिलेगी और बिहार में पार्टी और अधिक सशक्त होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित