लखनऊ , अप्रैल 13 -- कृष्ण के अंतिम क्षणों में किए गए निर्णायक गोल की बदौलत गोरखपुर राउडीज़ ने 'टाटा कैपिटल यूपी प्रो हैंडबॉल लीग' के रोमांचक मुकाबले में नोएडा ब्लास्टर्स को 27-26 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। गोरखपुर ने चौथी जीत के साथ अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।
अब मंगलवार शाम चार बजे खिताबी मुकाबले में गोरखपुर राउडीज़ का सामना मथुरा ब्रज स्टार से होगा। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा आदि योगी प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में लीग का आयोजन किया जा रहा है।
दूसरे मुकाबले में मथुरा ब्रज स्टार ने काशी किंग्स को 31-24 से हराकर फाइनल में जगह पक्की की। मथुरा और काशी, दोनों टीमों की तीन-तीन जीत रहीं, लेकिन बेहतर गोल औसत के आधार पर मथुरा को फाइनल का टिकट मिला। गोरखपुर और नोएडा के बीच खेला गया मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। पहले हॉफ तक गोरखपुर 15-14 से आगे था। अंतिम एक मिनट में दोनों टीमें 25-25 और फिर 26-26 की बराबरी पर थीं। मैच समाप्ति से 25 सेकंड पहले कृष्ण ने पेनाल्टी को गोल में बदलकर गोरखपुर को जीत दिला दी।
गोरखपुर के लिए मोहम्मद शूजा ने सर्वाधिक सात गोल किए। सुनील ने छह, दीपक ने पांच, पवन ने चार और शाहरुख ने दो गोल दागे। गोलकीपर विवेक पाण्डेय ने भी कई शानदार बचाव किए। नोएडा ब्लास्टर्स की ओर से मनकेश ने सात, जबकि मिंटू, तविया और तौसीफ ने पांच-पांच गोल किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित