पटना , दिसंबर 20 -- बिहार सरकार के कृषि विभाग ने मशरूम उत्पादन पर अनुदान पाने के लिये किसानों से 24 दिसंबर तक आवेदन जमा करने को कहा है।
कृषि विभाग मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने के लिये तीन प्रमुख योजनायें संचालित कर रहा हैं, जिनके तहत किसानों को अनुदान और प्रशिक्षण की सुविधा दी जा रही है। इस संबंध में कृषि विभाग ने इन योजनाओं का लाभ लेने के लिये इच्छुक किसानों को 24 दिसंबर तक विभागीय पोर्टल या बिहार कृषि एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने को कहा है।
विभाग की तरफ से मशरूम किट एवं मशरूम हट योजना (2025-26) के तहत पैडी, ऑयस्टर, बटन और बकेट मशरूम किट पर किसानों को 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। वहीं, मशरूम उत्पादन के लिये झोपड़ी (हट) निर्माण पर 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। 1,79,500 रुपये की लागत पर किसानों को 89,750 रुपये की सहायता दी जायेगी।
राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत मशरूम उत्पादन, कम्पोस्ट और स्पॉन निर्माण इकाइयों की स्थापना में सहयोग दिया जा रहा है। इससे किसानों को बेहतर गुणवत्ता के साथ बाजार में उचित मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत 28 जिलों में कम लागत या छोटे पैमाने पर मशरूम उत्पादन इकाई की योजना लागू की गई है। 200 वर्ग फुट क्षेत्र में बनने वाली इस इकाई की लागत दो लाख रुपये है, जिसमें सरकार एक लाख रुपये का अनुदान देगी।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन कर इस लाभकारी योजना का लाभ उठायें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित