पटना , मार्च 22 -- बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने रविवार को गांधी मैदान में बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित राजकीय समारोह में कृषि पवेलियन का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री यादव ने कहा कि गांधी मैदान, पटना में बिहार दिवस का आयोजन इस वर्ष 22-24 मार्च, 2026 तक ''उन्नत बिहार उज्ज्वल बिहार'' थीम पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार दिवस के अवसर पर कृषि विभाग के पवेलियन में बिहार के विशिष्ट उत्पादों के साथ-साथ पारम्परिक एवं प्रसंस्कृत उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है। कृषि शिक्षा से उन्नत बिहार उज्ज्वल बिहार के माध्यम से बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर एवं डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, समस्तीपुर के सभी महाविद्यालयों एवं उनकी उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जा रहा है।

श्री यादव ने बताया कि प्रदेशवासियों को कृषि प्रदर्शनी में छोटे कृषि यंत्रों, पौधा संरक्षण उपकरणों, जीआईटैग भागलपुरी कतरनी चावल, चूड़ा और मर्चा चूड़ा के साथ-साथ शाहाबाद क्षेत्र का सोनाचुर चावल, चूड़ा, जूट का हैण्डीक्राफ्ट, मोटे एवं पोषक अनाज के उत्पाद, गुड़ का भूरा, जाता सत्तू और सोनामोती गेहूं की प्रदर्शनी और बिक्री की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित