सारंगढ़-बिलाईगढ़ , अप्रैल 18 -- छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कृषि विभाग के एक कार्यालय में जानकारी लेने पहुंचे एक पत्रकार और वकील के साथ कथित रूप से मारपीट करने का मामला सामने आया है।

घटना का सीसीटीवी फुटेज आज सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पीड़ितों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक 16 अप्रैल को वकील जनक बरेठ अपनी माता के किसान सम्मान निधि से जुड़े लंबित मामले के समाधान के लिए कृषि कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ पत्रकार पोषराम साहू भी मौजूद थे। दोनों ने पहले जिला कृषि अधिकारी से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें संबंधित कर्मचारी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (आरइओ) प्रवीण पटेल के पास भेजा।

आरोप है कि जब पत्रकार ने योजना से जुड़ी जानकारी मांगी और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही, तो अधिकारी प्रवीण पटेल नाराज हो गए। इसी दौरान विवाद बढ़ा और कथित रूप से पत्रकार के साथ हाथापाई की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे वकील के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।

घटना के समय अन्य अधिकारी भी कार्यालय में मौजूद बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।

पीड़ितों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित