श्योपुर , मार्च 9 -- मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले स्थित कूनो नेशनल पार्क में चर्चित मादा चीता ज्वाला ने आज पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही कूनो में चीतों की संख्या बढ़कर 53 हो गई है।

पार्क सूत्रों के अनुसार ज्वाला और उसके सभी नवजात शावक फिलहाल स्वस्थ हैं और उन पर वन विभाग की टीम लगातार निगरानी रख रही है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इसे वन्यजीव संरक्षण और प्रोजेक्ट चीता की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। ज्वाला मूल रूप से अफ्रीकी देश नामीबिया से लाई गई थी। सितंबर 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर कूनो नेशनल पार्क में छोड़े गए आठ नामीबियाई चीतों में ज्वाला भी शामिल थी। उस समय उसका नाम सियाया था, जिसे बाद में ज्वाला नाम दिया गया।

कूनो आने के बाद ज्वाला ने यहां के वातावरण में खुद को अच्छी तरह ढाल लिया और अब वह पार्क की सबसे सफल मादा चीताओं में मानी जाती है। ज्वाला ने पहली बार मार्च 2023 में चार शावकों को जन्म दिया था, हालांकि उनमें से केवल एक शावक जीवित बच पाया था। इसके बाद जनवरी 2024 में उसने दूसरी बार तीन शावकों को जन्म दिया था।

अब तीसरी बार पांच शावकों को जन्म देकर ज्वाला ने कूनो में चीतों की संख्या बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वन्यजीव विशेषज्ञ इसे प्रोजेक्ट चीता के लिए सकारात्मक संकेत मान रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित