कोरबा , अप्रैल 10 -- त्तीसगढ़ में कोरबा जिले के एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र की विकास नगर कॉलोनी में आवासों की खराब हालत ने एक बार फिर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। बीती रात कॉलोनी स्थित एक क्वार्टर का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के समय घर में मौजूद परिवार बाल-बाल बच गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, कॉलोनी के कई आवास लंबे समय से जर्जर स्थिति में हैं। दीवारों में दरारें, छत से प्लास्टर गिरना और ढांचागत कमजोरी यहां आम समस्या बन चुकी है। ताजा घटना ने रहवासियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि कॉलोनी के अधिकांश मकान पुराने और जीर्ण-शीर्ण हो चुके हैं। कई बार शिकायत और आवेदन देने के बावजूद मरम्मत कार्य में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। लोगों ने प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित