कोटा , अप्रैल 11 -- मानवीय संवेदनाओं और सेवा भावना का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के ओएसडी व राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता का जन्मदिन इस बार समाजसेवा के संकल्प के साथ मनाया गया। शहर में समाजसेवी सुनील खटाना के द्वारा आयोजित भव्य रक्तदान शिविरों में महज एक दिन में 8 ब्लड बैंकों में 1006 यूनिट रक्त संग्रहित किया। इसके अलावा बून्दी में 489 यूनिट रक्तदान हुआ।

सुबह 10 बजे से शुरू हुआ यह महाअभियान शाम 5 बजे तक लगातार जारी रहा। भीषण गर्मी के बावजूद युवाओं का उत्साह चरम पर रहा। बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और विभिन्न खेल संघों से जुड़े लोग रक्तदान के लिए उमड़े। शिविर स्थल पर दिनभर देशभक्ति गीतों और प्रेरणादायक संदेशों का माहौल बना रहा, जिसने आयोजन को और अधिक ऊर्जा से भर दिया।

इस अवसर पर राजीव दत्ता ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा, "रक्त की हर बूंद किसी जरूरतमंद के लिए नई जिंदगी लेकर आती है। युवाओं के पास समाज और देश की सेवा का यह सबसे सशक्त अवसर है, जिसे हमें कभी गंवाना नहीं चाहिए।" उन्होंने विशेष रूप से बताया कि गर्मियों में ब्लड बैंकों में विभिन्न रक्त समूहों की भारी कमी हो जाती है, ऐसे में इस तरह के आयोजन बेहद जरूरी हो जाते हैं।

शिविर के आयोजक समाजसेवी सुनील खटाणा ने बताया कि कोटा ही नहीं, बल्कि बूंदी और बारां से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। युवाओं का जोश इतना था कि कई लोग घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे। दिनभर एक भी डोनेशन टेबल खाली नहीं रही और बार-बार एकत्रित रक्त को ब्लड बैंकों तक पहुंचाना पड़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित