कुशीनगर , जनवरी 12 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया कस्बे में सोमवार को एक सड़क हादसे में एक दुकानदार की मृत्यु हो गयी जबकि उसकी भाभी गंभीर रुप से घायल हो गयी।

पुलिस के अनुसार कुशीनगर जिले के नौरंगिया निवासी अरुण तिवारी (50) अपनी भाभी मीना तिवारी (57) के साथ बाईक से चौराहे स्थित अपनी दुकान पर जा रहे थे। जैसे ही वह पडरौना-पनियहवा मार्ग पर सड़क पर चढ़े कि पडरौना से सेखुई की ओर जा रहे बाइक सवार रामप्रवेश और शेषनाथ निवासी सेखुई खास की बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।

इस हादसे में अरुण और मीना सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल नजदीक के सीएचसी कोटवा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर इलाज के बाद डॉक्टरों ने दोनो को मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज में डॉक्टरों ने अरुण तिवारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं मीना तिवारी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित