कुशीनगर , मई 7 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में नगर पंचायत फाजिलनगर अध्यक्ष पद के उप निर्वाचन की मतगणना गुरुवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई, जिसमें भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सुनीता शाही विजयी घोषित की गईं। निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कुल चार प्रत्याशी मैदान में थे। मतगणना के दौरान मतपेटियों से कुल 10,519 मतपत्र प्राप्त हुए, जिनमें 10,174 मत वैध पाए गए जबकि 345 मतपत्र निरस्त कर दिए गए। मतगणना में श्रीमती सुनीता शाही को सर्वाधिक 5,258 मत प्राप्त हुए, जिसके आधार पर उन्हें विजयी घोषित किया गया, वहीं समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अवधेश को 4,541 मत मिले और वह दूसरे स्थान पर रहे। एआईआईएम के प्रत्याशी सिराजुद्दीन समसुद्दीन अंसारी को 268 मत प्राप्त हुए, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी केदार सिंह को 99 मत मिले। नोटा के पक्ष में 8 मत पड़े।

मतगणना प्रक्रिया के दौरान जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक, प्रेक्षक राजेश श्रीवास्तव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी वैभव मिश्रा तथा उप जिलाधिकारी कसया डॉ. सन्तराज सिंह सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और पूरी प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराई गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित