कुशीनगर , मई 8 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में वन विभाग की तत्परता एवं सूझबूझ से एक तेंदुए का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर आमजन को सुरक्षित कर लिया गया। प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि सात और आठ मई की मध्य रात्रि लगभग 12:50 बजे पड़रौना रेंज अंतर्गत ग्राम कंठी छपरा में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन उस समय तेंदुआ दिखाई नहीं दिया। इसके बाद विभागीय टीम ने आसपास के क्षेत्रों में कॉम्बिंग अभियान चलाया तथा ग्रामीणों को मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने बताया कि कॉम्बिंग अभियान के दौरान प्रातः करीब 6:15 बजे ग्राम पुर्नहा मिश्र के ग्रामीणों ने सूचना दी कि तेंदुआ एक निर्माणाधीन मकान में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। कुछ देर बाद तेंदुआ खड़ंजा मार्ग से होते हुए गांव से बाहर एक पुलिया में जाकर बैठ गया।
वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया तथा तेंदुए को भीड़ से बचाने और सुरक्षित पकड़ने के लिए पिंजरे एवं जाल का उपयोग किया। घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई। प्राप्त निर्देशों के क्रम में शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान की टीम के डॉ. योगेश प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे, जहां तेंदुए को ट्रैंक्यूलाइज कर सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया।
रेस्क्यू के बाद तेंदुए को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान भेज दिया गया। यह अभियान प्रभागीय वनाधिकारी कुशीनगर एवं डॉ. योगेश प्रताप सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। अभियान में क्षेत्रीय वन अधिकारी पड़रौना, क्षेत्रीय वन अधिकारी तमकुही तथा वन विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित