कुशीनगर , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं तीन नाबालिग लड़कियां वापस नहीं लौटीं। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुबेर स्थान थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर निवासी नसीमा खातून ने तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी आशिया (15), गांव की अप्सरा (13) और माहिरा (15) गत 11 अप्रैल को सुबह सात बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं।
परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
कुबेर स्थान थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि तकनीकी सर्विलांस और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस टीम को अहम सुराग मिले हैं। तीनों लड़कियों को जल्द सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित