कुशीनगर , जनवरी 25 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के पडरौना क्षेत्र में रविवार सुबह गन्ने के खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान क्षेत्र के मनिकौरा गांव स्थित गोलाघाट निवासी भोला (22) उर्फ आर्यन प्रजापति के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार युवक ने रस्सी से गला कसकर आत्महत्या की है। वह पत्नी की मौत के मामले में आरोपित था। पुलिस के मुताबिक गांव से लगभग 50 मीटर दूर गन्ने के खेत में सुबह करीब आठ बजे पत्तियां लेने गई एक 10 वर्षीय बच्ची ने खेत में मुंह के बल पड़े युवक का शव देखा। घबराकर बच्ची शोर मचाते हुए गांव की ओर दौड़ी, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर चौकीदार ने कोतवाली पडरौना पुलिस को अवगत कराया। प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। युवक के गले में नायलॉन की रस्सी बंधी हुई थी, जबकि शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक भोला अपने परिवार में केवल अपनी 55 वर्षीय मां सुगंती के साथ रहता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हैंगिंग आया है, जिससे आत्महत्या की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार भोला उर्फ आर्यन अपनी पत्नी की मौत के मामले में वांछित था। बताया गया कि करीब सात माह पहले उसने बगल के गांव चैती मुसहरी की सपना से प्रेम विवाह किया था। प्रारंभ में दोनों के बीच सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में विवाद शुरू हो गया। लगभग ढाई माह पूर्व सपना का शव कमरे में छत की कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटका मिला था। इस मामले में सपना के पिता की तहरीर पर भोला और उसकी मां के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित