कुशीनगर , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में पडरौना कोतवाली पुलिस ने बिहार ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद कर अंतर्राज्यीय तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही 360 बोतल पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को बांसी चौकी, बिहार बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान एक ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक में छिपाकर रखी गई 360 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मौके से धन्नाराम चौधरी पुत्र देवराज राम चौधरी एवं जगदीश चौधरी पुत्र मोटाराम चौधरी, निवासी धरासर, थाना चोहटन, जनपद बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया।
पडरौना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि बरामदगी के आधार पर धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम तथा धारा 111(2)(बी) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं, जो पंजाब एवं चंडीगढ़ से सस्ती दरों पर शराब खरीदकर ट्रक में छिपाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित