कुशीनगर , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिल के पटहेरवा थाना क्षेत्र से पखवाड़े भर पहले घर से विद्यालय जाने की बात कहकर निकलीं दो सगी बहनें झारखंड के गढ़वा शहर में सकुशल मिलीं। पुलिस टीम सात फरवरी को गढ़वा पहुंची और दोनों को अपने साथ लेकर लौटी। सोमवार को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार बीएससी और इंटरमीडिएट में अध्ययनरत दोनों बहनें 24 जनवरी को घर से निकली थीं, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों द्वारा मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, पर फोन बंद मिला। 27 जनवरी को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पता चला कि घर से कुछ नकदी और आभूषण बंधक रखे गए थे। मोबाइल के आईएमईआई नंबर के आधार पर लोकेशन झारखंड के गढ़वा में मिली, जहां दोनों एक कपड़ा शोरूम में कार्य करती पाई गईं।

पूछताछ में दोनों ने बताया कि परिजन पढ़ाई पूरी होने से पहले विवाह करना चाहते थे, जबकि वे आगे पढ़ना चाहती थीं। इसी कारण वे घर छोड़कर चली गईं। गढ़वा में उनके एक इंस्टाग्राम मित्र ने उन्हें काम और रहने की व्यवस्था दिलाई थी। थाना प्रभारी धीरेंद्र राय ने बताया कि आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर दोनों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित