अलवर , अप्रैल 06 -- राजस्थान में अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने रविवार को घर में सो रही अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार करके हत्या कर दी।

थाना प्रभारी हरदयाल सिंह यादव ने सोमवार को बताया कि खेडली पिचनौत गांव में आरोपी कालूराम मीणा ने अपनी पत्नी पुनी देवी (50) पर कुल्हाड़ी से कई वार किये, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि कालूराम मीणा बकरी चराता है। शाम करीब छह बजे वह बकरियां चराकर घर लौटा। उस समय उसकी पत्नी पुनी देवी खेत से मजदूरी कर थककर घर में सो रही थी। तभी कालूराम ने पुनी पर कुल्हाड़ी से गर्दन और हाथ पर वार कर दिये, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।

श्री यादव ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। इससे पहले उसने अपने बेटे सहित एक अन्य व्यक्ति की हत्या की थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित