उन्नाव , दिसंबर 29 -- उन्नाव दुष्कर्म मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत पर रोक लगाए जाने के आदेश के बाद, सेंगर की छोटी बेटी इशिता सेंगर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक भावुक पोस्ट लिखकर निष्पक्ष न्याय की अपील की है। इशिता सेंगर ने अपनी पोस्ट में कहा कि उनका परिवार पिछले आठ वर्षों से चुपचाप न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है और उसने कानून व संस्थाओं पर भरोसा बनाए रखा। उन्होंने लिखा कि उनकी पहचान महज "एक भाजपा विधायक की बेटी" तक सीमित कर दी गई है और सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार नफरत, अपमान और धमकियों का सामना करना पड़ा है।

पोस्ट में इशिता ने कहा कि उनका परिवार न तो किसी तरह की रियायत चाहता है और न ही सहानुभूति, बल्कि केवल यह चाहता है कि कानून बिना दबाव और भय के अपना काम करे तथा सबूतों की निष्पक्ष जांच हो। उन्होंने कहा कि वे इंसाफ इसलिए मांग रही हैं क्योंकि वे इंसान हैं। इशिता की इस पोस्ट को उनकी बड़ी बहन ऐश्वर्या सेंगर ने भी 'एक्स' पर रीपोस्ट करते हुए लिखा, "लड़ेंगे, हारेंगे नहीं।"गौरतलब है कि इससे पहले सीबीआई की याचिका पर सुनवाई करते हुए उच्चतम न्यायालय ने दिल्ली उच्च न्यायालय के उस आदेश पर रोक लगा दी थी, जिसमें 2017 के उन्नाव दुष्कर्म मामले में कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा को निलंबित कर जमानत दी गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित