चंडीगढ़ , मार्च 14 -- पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने शनिवार को हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण की पूजनीय माता, प्रेम कौर कल्याण के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक और हार्दिक संवेदना व्यक्त की है।

अपने शोक संदेश में श्री संधवां ने मां के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के जीवन के निर्माण और सफलता में मां की भूमिका अद्वितीय और अपूरणीय होती है। उन्होंने कहा, " मां की ममता, दयालुता और निस्वार्थ सहयोग एक ऐसा कर्ज है, जिसे हम कभी नहीं चुका सकते। हम जीवन में सफलता के जिस भी मुकाम पर पहुंचते हैं, वह हमारे माता-पिता द्वारा दिये गये संस्कारों और उनके आशीर्वाद का ही प्रतिफल होता है। "श्री संधवां ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित