हरिद्वार , फरवरी 20 -- हरिद्वार में आगामी कुम्भ मेले को लेकर मेला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी ला दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका ने अधिकारियों के साथ हरिद्वार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर रेलवे द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने कहा कि कुम्भ मेले में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए रेलवे स्टेशन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारु बनाना प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश-निकास मार्ग, प्रतीक्षा क्षेत्र, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने भीड़ प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्टेशन परिसर में पर्याप्त ठहरने का क्षेत्र , टिकट काउंटरों की संख्या में वृद्धि, हेल्पडेस्क की प्रभावी व्यवस्था तथा उद्घोषणा प्रणाली को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों के लिए विशेष सहायता काउंटर स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान स्टेशन अधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि भीड़ नियंत्रण के लिए स्टेशन पर 10 हजार यात्रियों की क्षमता वाला होल्डिंग एरिया बनाए जाने की योजना पर काम शुरू हो चुका है। मेलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर विशेष ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निकटवर्ती रेलवे स्टेशनों मोतीचूर रेलवे स्टेशन, ज्वालापुर रेलवे स्टेशन और रायवाला रेलवे स्टेशन को भी सुदृढ़ करने की आवश्यकता बताई, ताकि यात्रियों का दबाव संतुलित किया जा सके।
इसके बाद मेलाधिकारी व अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने लालजीवाला क्षेत्र, भीमगोड़ा बैराज तथा रोड़ी बेलवाला‑खड्डा पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया। यहां यात्री सुविधाओं, सफाई व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मेला प्रशासन का कहना है कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप कुम्भ मेले को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित