चंडीगढ़ , दिसंबर 30 -- हरियाणा में सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने क्षेत्र के विकास को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से सिरसा-रानियां-टिब्बी और सिरसा-भादरा नई रेल लाइनों के निर्माण की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने रेल मंत्री को पत्र लिखकर दोनों परियोजनाओं के शीघ्र सर्वेक्षण और स्वीकृति का आग्रह किया।
कुमारी सैलजा ने कहा कि ये रेल लाइनें हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। सिरसा-रानियां-टिब्बी रेल मार्ग से दिल्ली, श्रीगंगानगर और सीमा क्षेत्र तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे आम लोगों, किसानों और व्यापारियों को लाभ होगा। कृषि उत्पादों के परिवहन में सुविधा मिलने से किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित सिरसा-भादरा रेल लाइन उत्तर और दक्षिण भारत को जोड़ने वाला एक वैकल्पिक रेल कॉरिडोर बनेगी। इससे यात्रियों के साथ-साथ माल परिवहन को भी मजबूती मिलेगी और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना सामरिक दृष्टि से भी अहम होगी।
इसी दौरान सांसद ने हरियाणा श्रमिक कल्याण बोर्ड में लगभग 1500 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 13 जिलों में बड़ी संख्या में वर्क स्लिप और श्रमिक पंजीकरण फर्जी पाए गए हैं। कुमारी सैलजा ने इसे भाजपा सरकार के भ्रष्ट शासन का उदाहरण बताते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित