नैनीताल , जनवरी 24 -- उत्तराखंड के कुमाऊं में शुक्रवार को मौसम का मिजाज बिगड़ गया। नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ है जबकि शेष इलाकों में बारिश के चलते तापमान नीचे चला गया है।

नैनीताल में भी दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और यहां बारिश के साथ हल्का हिमपात हुआ। यह इस मौसम का पहला हिमपात है। शाम के समय शहर के ऊंचाई वाले इलाकों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली। शहर के किलबरी, पंगोट, स्नोव्यू, चाइना पीक, रामगढ़, मुक्तेश्वर आदि ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की सूचना है।

बारिश और हिमपात के चलते पहाड़ी इलाकों में तापमान काफी नीचे चला गया है। इससे आम जनजीवन पर असर पड़ा है। बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में भी मौसम ने करवट ली है। यहां भी हिमपात की खबर है। बागेश्वर की जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल के अनुसार लीती, शामा और कर्मी क्षेत्र में बर्फबारी हुई है। जिससे यहां ठंड का सितम बढ़ गया है। पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए शनिवार को सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। साथ ही पर्यटकों और पर्वतारोहियों को ऊंचाई वाले इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित