भरतपुर , फरवरी 24 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर में निराश्रित कुत्तों से आतंकित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के लोगों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करके इनके आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग करते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर नम्बर दो के प्रदर्शनकारी नागरिकों ने कुत्तों के आतंक के लिए वीवीएम स्कूल के पास एक मकान में रहने वाली दो युवतियों पर आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन को बताया कि ये युवतियां आवारा कुत्तों को खाना खिलाती हैं और अपने घर के सामने 15 से 20 कुत्तों को हमेशा इकठ्ठा रखती हैं, जबकि मकान के पास ही दो स्कूल संचालित हैं, जहां छोटे- छोटे बच्चे पढ़ने आते हैं।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि मना करने पर युवतियां कॉलोनीवासियों से लड़ाई-झगड़ा करने पर आमादा हो जाती हैं। प्रदर्शनकारियों के साथ मंगलवार को इन आवारा कुत्तों द्वारा काटकर जख्मी की गयी छात्रा नाथा अग्रवाल एवं उसके पिता राजप्रकाश अग्रवाल के साथ ही रविवार को इन कुत्तों के हमले से बचने के लिए उन पर बल प्रयोग करने वाला वह युवक भी शामिल था, जिसे युवतियों द्वारा पीटा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित