मुंबई , मई 06 -- अभिनेता कुणाल ठाकुर ने अपनी वेब सीरीज़ 'ग्लोरी' से जुड़ा एक बेहद भावुक पल शेयर किया है, जिसने फैंस को उनकी निजी जिंदगी की एक खास झलक दिखाई है।
कुणाल ठाकुर ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के ज़रिए बताया है कि अपने नौ साल के लंबे एक्टिंग करियर में पहली बार उनके पिता ने उन्हें शूटिंग सेट पर काम करते हुए देखा और यह पल उनके लिए बेहद यादगार बन गया।
इस पोस्ट के माध्यम से कुणाल ने लिखा है, "मेरे माता-पिता अबू धाबी में रहते हैं और इतने सालों में, शेड्यूल, शूट्स, संघर्ष और सपनों के बीच. उन्होंने मुझे कभी सेट पर काम करते हुए नहीं देखा था। लेकिन इस बार मुक्ति ने यह मुमकिन कर दिखाया। वह उन्हें उस दुनिया में लेकर आई, जिसे मैं लगभग एक दशक से पाने की कोशिश कर रहा हूं। उन्हें वहां खड़े होकर मुझे 'राका' बनते हुए देखना. चुपचाप सब कुछ महसूस करना. वह पल मेरे लिए किसी भी प्रीमियर, तालियों या स्क्रीन टाइम से कहीं बड़ा था। यही मेरे लिए असली 'ग्लोरी' का पल था, और सच कहूं तो इससे बेहतर मेरे लिए कुछ भी नहीं हो सकता।"कुणाल ठाकुर ने बताया कि यह अनुभव एक कलाकार के जीवन के आम पलों से कहीं बढ़कर था। उनके लिए यह सिर्फ सफलता नहीं, बल्कि उस इंसान के सामने खुद को साबित करने जैसा था, जिसकी मौजूदगी सबसे ज्यादा मायने रखती है। उनके पिता का बिना कुछ कहे सब कुछ महसूस करना, उनके वर्षों की मेहनत और समर्पण की एक मजबूत प्रमाण बन गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित