हरिद्वार, मार्च 23 -- त्तराखंड में कुंभ मेला-2027 की भव्य तैयारियों को लेकर प्रशासन ने सख्त तेवर अपनाते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश जारी किए हैं। मेलाधिकारी सोनिका ने सोमवार को समीक्षा बैठक में कहा कि कुंभ से जुड़े सभी निर्माण एवं व्यवस्थागत कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं, अन्यथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अस्थायी व्यवस्थाओं से जुड़े कार्यों के आगणन शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रस्ताव तर्कसंगत और औचित्यपूर्ण होने चाहिए। साथ ही वर्ष 2021 के कुंभ मेले की बची हुई सामग्री के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए अनावश्यक खर्च और दोहराव से बचने की बात कही।
मेलाधिकारी ने साफ किया कि अब तैयारियों की प्रगति पर लगातार नजर रखी जाएगी। इसके लिए प्रत्येक पखवाड़े समीक्षा बैठक आयोजित होगी, जिसमें संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित स्थलीय निरीक्षण के निर्देश भी दिए।
कार्यस्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, श्रमिकों की दैनिक उपस्थिति और कार्य प्रगति की रिपोर्टिंग को अनिवार्य करते हुए उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर दिया। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण एजेंसियों से नियमित जांच कराने के निर्देश दिए गए।
सीसीआर-2 भवन के निर्माण कार्य को गति देने के लिए दो पालियों में काम कराने के निर्देश देते हुए मेलाधिकारी ने कहा कि बड़ी परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समयसीमा का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, मनजीत सिंह गिल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित