दुबई , दिसंबर 16 -- अभिज्ञान कुंडू के दोहरे शतक (209) और दीपेश देवेंद्रन (22/5) के पांच विकेटों की बदौलत मंगलवार को यहां अंडर-19 एशिया कप 2025 के मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 315 रन से मात दी।
भारतीय युवाओं ने मलेशिया के सामने 50 ओवर में 409 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में मलेशियाई टीम 32.1 ओवर में 93 रन पर ऑलआउट हो गयी। मलेशिया की ओर से हमज़ा पंगी ने सर्वाधिक 35 रन बनाये।
मलेशिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करते हुए कप्तान और सलामी बल्लेबाज आयुष म्हात्रे को 14 रन पर पवेलियन लौटा दिया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने उतरे विहान मल्होत्रा भी कोई खास कमाल नहीं दिखा पाये और सात रन बनाकर पवेलियन लौट गये, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने वेदांत त्रिवेदी के साथ मिलकर पारी को संभाल लिया।
त्रिवेदी ने पहले सूर्यवंशी के साथ मिलकर 40 रन जोड़े। इसके बाद उन्हें कुंडू का साथ मिला और दोनों ने चौथे विकेट के लिये 181 गेंदों पर 209 रन जोड़कर मलेशियाई गेंदबाज़ी की कमर तोड़ दी। त्रिवेदी 106 गेंदों पर सात चौकों के साथ 90 रन बनाकर अपने शतक से चूक गये, जबकि कुंडू ने 80 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
मैच के अंतिम ओवरों में कुंडू ने आक्रामक बल्लेबाजी कर न सिर्फ भारत को 400 रन के पार पहुंचाया, बल्कि यूथ एकदिवसीय क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले भारतीय भी बन गये।
इस 17 वर्षीय खब्बू बल्लेबाज ने 125 गेंद पर 17 चौकों और नौ छक्कों के साथ 209 रन बनाये। इससे पहले यूथ वनडे में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले भारतीय वैभव सूर्यवंशी थे, जिन्होंने इसी टूर्नामेंट में यूएई के खिलाफ पिछले मैच में 171 रन बनाये थे।
कुंडू ने 44 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और सिर्फ 80 गेंदों में शतक जड़ डाला। वह 46वें ओवर में 150 रन तक पहुंचे और फिर रफ्तार पकड़कर 49वें ओवर में 121 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया। उन्होंने कनिष्क चौहान के साथ 36 गेंदों में 87 रनों की तूफानी साझेदारी करके भारत को 50 ओवर में सात विकेट पर 408 रन बनाने में मदद की।
कुंडू का स्कोर अंडर-19 क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के जोरिक वैन शाल्कविक के 215 रनों के बाद दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। यह अंडर-19 एशिया कप में किसी भी खिलाड़ी का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मलेशियाई टीम ने भारतीय गेंदबाजी के सामन घुटने टेक दिये। देवेंद्रन ने सात ओवर में 22 रन देकर पांच विकेट लिये, जबकि उधव मोहन ने 24 रन देकर दो विकेट चटकाये। किशन कुमार सिंह, खिलन पटेल और चौहान ने एक-एक विकेट चटकाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित