कोरबा , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के नगर पालिका बांकीमोंगरा अंतर्गत ग्राम भठोरा सरईपाली में गुरुवार रात गांव की दो बेटियों का पुलिस उप-निरीक्षक पद पर चयन होने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।

चयनित उपनिरीक्षक में निशा विंध्यराज (पुत्री स्व. प्यारे लाल विंध्यराज) और सुशीला विंध्यराज (पुत्री लाहोरन विंध्यराज) शामिल हैं। दोनों ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गांव और जिले का नाम रोशन किया है।

समारोह के दौरान ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और स्मृति चिह्न भेंट कर दोनों नव-नियुक्त अधिकारियों का अभिनंदन किया। वक्ताओं ने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

ग्रामीणों के अनुसार, एक ही परिवार की दो बेटियों का इस प्रतिष्ठित पद पर चयन होना गांव के लिए विशेष गर्व का क्षण है। निशा विंध्यराज ने पिता के निधन के बाद भी विपरीत परिस्थितियों में अपनी पढ़ाई जारी रखी और सफलता हासिल की। वहीं, सुशीला विंध्यराज ने भी सीमित संसाधनों के बावजूद एकाग्रता और परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया।

दोनों बेटियों को ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक रूप से फल और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कर्तव्य पथ पर ईमानदारी से सेवा करने की शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित