बारां , दिसम्बर 20 -- राजस्थान में बारां जिले के आखेड़ी गांव में किसान नेता एवं अंता विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी रहे नरेश मीणा की गाड़ी पर हमला करके उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए।
श्री मीणा समर्थकों ने आरोप लगाया है कि यह हमला एक विधायक के समर्थक माने जाने वाले पूर्व सरपंच के पुत्र और अन्य असामाजिक तत्वों द्वारा किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नरेश मीणा ग्राम आखेड़ी में एक परिचित के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने गए थे। लौटते समय रास्ते में कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया, जिससे वाहन के कांच टूट गए। गाड़ी में नरेश मीणा सवार थे, जो हमले में बाल बाल बच गए।
हमले के बाद किसान नेता नरेश मीणा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो जारी करके पुलिस प्रशासन से तत्काल कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। इसके पश्चात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरपंच के घर आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू की है। इसी बीच समर्थकों ने सरपंच की कार में आग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही नरेश मीणा के समर्थक बड़ी संख्या में ग्राम आखेड़ी पहुंच गए। समर्थकों ने हमलावरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए इस हमले के पीछे रचे गए षड्यंत्र को भी बेनकाब करने की मांग की। बाद में पुलिस अधिकारी मय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। गांव में शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हालात सामान्य बताए गए है।
इस बीच आक्रोशित नरेश मीणा घटनास्थल से जिला मुख्यालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए। बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी वहां शामिल हो गए। नरेश मीणा आरोपियाें के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे हैं।
श्री मीणा ने पत्रकारों से कहा कि वह छत्रपुरा गांव रामायण पाठ में जा रहे थे। इसी दौरान आखेडी गांव में एक परिचित के निधन पर शोक व्यक्त करने के बाद जैसे ही बाहर निकले उन पर हमला हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि एक हमलावर के हाथ में पिस्तौल थी, उसने गोली चलाई, लेकिन गोली नहीं चली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित