नयी दिल्ली , दिसंबर 05 -- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सरकार किसानों से अरहर, मसूर और उड़द जैसी दलहनी फसलों की 100 प्रतिशत खरीद सुनिश्चित करेगी।

श्री चौहान ने शुक्रवार को राज्य सभा में प्रश्न काल के दौरान यह जानकारी देते हुए कहा कि अरहर (तुअर), मसूर, उड़द को अगर राज्य सरकार कम खरीदेगी या नहीं खरीदेगी तो नैफेड जैसी केंद्रीय एजेंसी के माध्यम से इन फसलों की सीधे खरीद की जायेगी ताकि किसानों को ठीक दाम मिल सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पैदावार बढ़ाने, लागत घटाने और पैदावार के ठीक दाम देने के तीन महत्वपूर्ण काम किए गए हैं। सरकार ने वर्ष 2019 ने फैसला किया कि लागत पर 50 प्रतिशत मुनाफा देकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तय होगा जबकि पिछली सरकारों ने कहा था कि लागत पर सीधे 50 फीसदी की बढ़ोतरी निर्धारित करने से मंडी का कामकाज बिगड़ सकता है।

श्री चौहान ने सवालों के जवाब में कहा कि स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को पूरी तरह मानते हुए कुल लागत पर 50 प्रतिशत मुनाफा देकर एमएसपी पर फसल खरीद हो रही है और कई फसलों पर तो 50 प्रतिशत से ज्यादा दाम भी देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2014 के पहले इतनी खरीद नहीं होती थी और दलहन-तिलहन की फसल के लिए तो 2014 के पहले नाममात्र की खरीदी होती थी। अभी भी कई राज्य सरकार खरीद में ढिलाई करती है जिससे किसानों को दिक्कत होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित