रायपुर, 28 फरवरी 2026 ( वार्ता ) भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा ने छत्तीसगढ़ के 25 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में धान खरीदी के अंतर की राशि (बोनस) के रूप में 10 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि अंतरित किए जाने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की है।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने कहा कि यह निर्णय मोदी की 'गारंटी' को पूरा करने की दिशा में एक मील का पत्थर है। सरकार ने न केवल अपना वादा निभाया है, बल्कि प्रदेश के अन्नदाताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की नई इबारत लिखी है।

श्री ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी राशि सीधे किसानों के खातों में बिना किसी बिचौलिए के भेजी गई है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नई जान आएगी और किसानों का जीवन स्तर ऊँचा उठेगा। भाजपा सरकार ने चुनाव के समय किए गए 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी के वादे को पूरा कर यह सिद्ध कर दिया है कि यह सरकार 'जो कहती है, वह करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का किसान अब कर्ज के बोझ से मुक्त होकर स्वाभिमान के साथ प्रगति कर रहा है।

भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री साय के इस निर्णय से किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी और उनकी होली के रंग दोगुने हो गए हैं। अंतर राशि प्राप्त कर छत्तीसगढ़ के किसान अत्यंत आनंदित एवं उत्साहित हैं। यह निर्णय राज्य सरकार की किसान हितैषी नीति और अन्नदाताओं के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित