चंडीगढ़ , अप्रैल 16 -- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा है कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर संकट में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
श्री पंवार ने गुरुवार को पानीपत के बुआना लखू गांव में हाल ही में लगी आग से प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया और किसानों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसलों के नुकसान का सही आकलन कर जल्द राहत और मुआवजा सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रभावित किसानों तक राहत सामग्री बिना देरी पहुंचाने के भी निर्देश दिए गए।
गौरतलब है कि बुआना लखू गांव में अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग में करीब 80 एकड़ में फैली 32 किसानों की गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। इस घटना से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन ने आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की मेहनत और आजीविका का सम्मान करती है और हर संभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित किसानों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित