आगर-मालवा , अप्रैल 9 -- आगर-मालवा जिला कांग्रेस कमेटी ने किसानों के समर्थन में गुरुवार को रैली निकालकर राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजयलक्ष्मी तंवर के नेतृत्व में छावनी स्थित गांधी उपवन में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इसके बाद शहर के प्रमुख मार्गों से रैली निकालते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में एक माह की देरी के कारण किसानों को अपनी उपज कम दामों पर बेचनी पड़ी, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ। कांग्रेस ने मांग की कि ऐसे किसानों को कृषि ऋण के ब्याज में छूट दी जाए और 500 से 700 रुपये प्रति क्विंटल के अंतर की राशि भावांतर योजना के तहत दी जाए।
कांग्रेस ने यह भी कहा कि जिले में पूर्व में हुई ओलावृष्टि से सोयाबीन फसल को नुकसान हुआ था, लेकिन अभी तक किसानों को मुआवजा और बीमा क्लेम नहीं मिला है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा और बीमा राशि दिलाने की मांग की।
इसके साथ ही समर्थन मूल्य पर संचालित गेहूं खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही गई, ताकि गर्मी के दौरान उन्हें परेशानी न हो। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस किसानों की समस्याओं को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित