भोपाल , फरवरी 15 -- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसानों के पास नयी से नयी मशीनें होनी चाहिये लेकिन उनकी लागत कम हो और वे चलाने में आसान तथा अधिक प्रभावी भी हों।

वह यहां रविवार को केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान (सीआईएई), भोपाल के 51वें स्थापना दिवस समारोह में लोगों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने यहां कपास की तुड़ाई के लिए बनी एक खास मशीन भी किसानों को समर्पित की। जहां पर कपास की तुड़ाई हाथ से करनी पड़ती हैं वहां यह मशीन समय और श्रम की बचत कर देगी। इससे किसान की लागत भी कम हो जायेगी। श्री चौहान ने कहा कि यह मशीन जल्द ही किसानों के लिए उपलब्ध होगी।

उन्होंने बताया कि कपास की पैदावार बढ़ाने के लिए ऐसी नई किस्म विकसित की जा रही है, जो रोग प्रतिरोधी हो और अधिक पैदावार दे सके। यही नहीं प्रति एकड़ अधिक पौधे लगाने पर भी कार्य जारी है, ताकि किसान भाइयों की आय में वृद्धि हो।

श्री चौहान ने कहा कि देश की खेती में मशीनीकरण तेज हो रहा है और इसकी मिसाल यह है कि इस साल ट्रैक्टर इतने बिके कि दुनिया चकित रह गई। आज देश ट्रैक्टर की बिक्री में दुनिया में नंबर एक हो गया है। लेकिन किसान के पास केवल ट्रैक्टर ही नहीं, दूसरी मशीनें भी हों।

उन्होंने कहा कि किसान भाई-बहनों और स्वयं सहायता समूहों की बहनों, के पास छोटी-छोटी मशीनें होनी चाहिए। ये मशीनें केवल केवल बोने की ही नहीं, प्रोसेसिंग करने की भी होनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित