बैतूल , जनवरी 28 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के आठनेर विकासखंड की ग्राम पंचायत बोथी में सरकारी भूमि रिकॉर्ड में गंभीर गड़बड़ी सामने आई है। ग्रामीण किसानों ने आरोप लगाया है कि उनकी पैतृक खेती की जमीनों पर अन्य लोगों के नाम दर्ज कर दिए गए हैं, जिसके कारण वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार कई खसरों में एक ही जमीन पर पांच से छह लोगों के नाम दर्ज हैं, जबकि वास्तविक खेती वर्षों से वही किसान कर रहे हैं। रिकॉर्ड में नाम दर्ज न होने के कारण फसल बीमा और आपदा मुआवजे की राशि भी ऐसे लोगों को मिल रही है, जिनका जमीन से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। इससे किसानों को लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों ने बताया कि इस गड़बड़ी के चलते वे न तो अपनी जमीन का क्रय-विक्रय कर पा रहे हैं और न ही बटाई पर दे सकते हैं। पिछले सात से आठ वर्षों से वे राजस्व विभाग के कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित