मोहाली , अप्रैल 03 -- पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बलबीर सिंह सिद्धू ने पंजाब सरकार और गमाडा की कथित मनमानियों के खिलाफ मोहाली के ग्रामीण क्षेत्रों में 'जागरूकता अभियान' तेज कर दिया है।
श्री सिद्धू ने शुक्रवार को कहा कि वर्तमान सरकार गमाडा के माध्यम से किसानों के साथ घोर अन्याय कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की कीमती जमीनें कौड़ियों के भाव अधिग्रहित कर रही है, लेकिन उन्हें उचित मुआवजा नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा, "गमाडा का गठन लोगों को किफायती आवास उपलब्ध कराने के लिए किया गया था, लेकिन आज यह एक निजी मुनाफ़ाखोर कंपनी की तरह काम कर रहा है, जिसका एकमात्र लक्ष्य किसानों की जमीन पर पैसा कमाना रह गया है।"उन्होंने गमाडा की 'लैंड पूलिंग' और आवंटन नीति पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्लॉट आवंटन के समय किसानों के बजाय बड़े कमर्शियल घरानों को प्राथमिकता दी जा रही है। कॉर्नर प्लॉट या पार्क के सामने वाले प्लॉटों पर गमाडा द्वारा वसूले जा रहे अतिरिक्त पैसे को उन्होंने 'अन्यायपूर्ण' करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों से जमीन लेकर भारी मुनाफा कमा रही है, लेकिन इसका लाभ न तो किसानों को मिल रहा है और न ही आम जनता को।
श्री सिद्धू ने पतों, मनौली, रूड़की, धर्मगढ़, सेखन माजरा, कुर्डा, कुर्डी, बरी, मानकपुर कल्लर, बाकरपुर, मोटे माजरा, तंगौरी, नडयाली, मटरां, सिआऊ, कंडाला, सफ़ीपुर, झिउरहेड़ी, अलीपुर और जगतपुरा सहित कई गांवों में जनसभाएं कीं। वह लगातार गांवों का दौरा कर किसानों को उनके अधिकारों के प्रति सचेत कर रहे हैं और 06 अप्रैल को होने वाले बड़े रोष प्रदर्शन में भारी संख्या में पहुंचने का न्योता दे रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित