देवरिया , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में वन स्टॉप सेंटर से एक किशोरी के फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने महिला उपनिरीक्षक और महिला सिपाही को निलंबित कर दिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आशा ज्योति केंद्र में तैनात महिला उपनिरीक्षक रेखा देवी तथा महिला आरक्षी सरिता बिन्दु को ड्यूटी के दौरान पीड़िता किशोरी के वन स्टॉप सेंटर से भाग जाने और राजकीय कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता एवं अकर्मण्यता बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।

इसके अलावा, ड्यूटी पर मौजूद महिला पीआरडी कर्मी किरन देवी, शीला देवी, मंशा देवी तथा वन स्टॉप सेंटर प्रबंधक नीतू भारती के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है।

गौरतलब है कि तरकुलवा क्षेत्र की एक किशोरी को 14 फरवरी से सुरक्षा और काउंसलिंग के उद्देश्य से वन स्टॉप सेंटर में रखा गया था। बुधवार शाम वह एक महिला पीआरडी कर्मी के साथ कुछ सामान लेने बाहर गई थी, जहां से वह चकमा देकर फरार हो गई। पुलिस टीमें और सेंटर कर्मी उसकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित