किशनगंज , मार्च 07 -- बिहार में किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम हुये सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय उच्च पथ- 327ई पर खैखाट के समीप तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में मो. शादाब, मो. नजीर और शाह आलम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। बताया जाता है कि मृतक शाह आलम की शादी महज 28 दिन पहले ही हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये किशनगंज सदर अस्पताल भेज दिया। देर रात अस्पताल में तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।

हादसे की खबर मिलते ही पूर्व विधायक मुजाहिद आलम भी सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी। वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौतम कुमार ने बताया कि दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है और एक व्यक्ति घायल है। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित