किशनगंज , फरवरी 02 -- बिहार के किशनगंज जिले में कृषि विभाग और सदर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार को लहरा चौक के पास जुगाड़ वाहन से पश्चिम बंगाल से लाये जा रहे 60 बोरी अवैध यूरिया खाद को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, विभाग को सूचना मिली थी कि किशनगंज के रास्ते यूरिया खाद की कालाबाजारी की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने लहरा चौक पर जांच अभियान चलाया, जहां खाद लदा जुगाड़ वाहन पकड़ा गया। पूछताछ में चालक मोहम्मद माजिद, निवासी पाठकोईहाट, कोचाधामन ने बताया कि खाद बंगाल के कानकी से कोचाधामन ले जाया जा रहा था। हालांकि, वह खाद और वाहन से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

इस मामले में रविवार को प्रखंड कृषि पदाधिकारी मोबससीर आलम के बयान पर सदर थाना में चालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन ने बताया कि खाद की कालाबाजारी के मामले में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित