मोहाली , अप्रैल 04 -- पंजाब के आबकारी विभाग एवं पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोहाली से सटे खरड़ इलाके में किराना स्टोर की आड़ में चल रहे अवैध शराब तस्करी के गोरखधंधे का पर्दाफाश किया है। आरोपी बड़ी चालाकी से ग्राउंड फ्लोर पर किराने की दुकान चला रहा था, जबकि ऊपर रेस्टोरेंट संचालित कर रहा था, ताकि विभाग की नजरों से बचा जा सके।

जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट में आने वाले ग्राहकों को चंडीगढ़ मार्का और विदेशी शराब परोसी जा रही थी। खुफिया सूचना के आधार पर आबकारी विभाग ने छापा मारा, जहां किराना दुकान से तीन पेटियां और रेस्टोरेंट से चार पेटियां अवैध शराब बरामद की गयीं।

मौके पर ही खरड़ पुलिस को बुलाया गया, जिसने रेस्टोरेंट के मालिक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह अवैध कारोबार कब से चल रहा था और इसमें कौन-कौन शामिल है।

पुलिस और आबकारी विभाग ने संकेत दिये हैं कि मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित