सियोल , दिसंबर 27 -- उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को एक पत्र में नये साल की बधाई देते हुए कहा है कि बीते एक साल में दोनों देशों के रिश्ते और भी ज्यादा मजबूत हुए हैं। कोरियाई सेंट्रल न्यूज़ एजेंसी (केसीएनए) ने शनिवार को यह पत्र प्रकाशित किया है।

श्री जोंग उन ने पत्र में लिखा है, "मेरे प्यारे कॉमरेड! उत्तर कोरिया की सरकार और कोरियाई लोगों की ओर से मैं आपको और आपके माध्यम से रूसी संघ की सरकार और भाईचारे वाले रूसी लोगों को नये साल 2026 के अवसर पर हार्दिक और सच्ची शुभकामनाएं देता हूं।"उन्होंने कहा कि 2025 में रूस-उत्तर कोरिया के संबंध और भी मजबूत हुए हैं जो "खून, जीवन और मृत्यु साझा करने वाले सबसे सच्चे गठबंधन में बदल गये हैं। उनकी पूर्ण दृढ़ता एवं शक्ति समय और इतिहास के पन्नों पर और भी स्पष्ट रूप से अंकित हो गयी है।" उन्होंने कहा कि कोई भी दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों और उनकी एकता को तोड़ नहीं सकता। उन्होंने कहा कि न्याय, सच्चाई, जीत और गौरव हमेशा रूस और श्री पुतिन के साथ रहेंगे।

श्री जोंग उन ने श्री पुतिन को "आशा भरे नये साल 2026 के अवसर पर रूस की गरिमा और हितों की रक्षा के लिये अच्छे स्वास्थ्य और सफलता" की शुभकामनाएं दीं। श्री जोंग उन ने कहा, "मुझे पूरी उम्मीद है कि रूसी लोगों के लिये सिर्फ खुशी और समृद्धि ही होगी।"इससे पूर्व, केसीएनए ने एक अन्य पत्र प्रकाशित कर दावा किया था कि श्री पुतिन ने "कब्जा करने वालों से कुर्स्क क्षेत्र को आज़ाद कराने की लड़ाई में कोरियाई पीपल्स आर्मी के सैनिकों के वीरतापूर्ण योगदान और रूस की धरती पर कोरियाई इंजीनियरों की गतिविधियों" का उल्लेख किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित