वाराणसी , मार्च 19 -- चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष कलश स्थापना का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों की महिलाओं ने भाग लेकर विधि-विधान से देवी कलश स्थापित किया।

इस आयोजन में महिलाओं ने स्वयं याचक के रूप में भागीदारी करते हुए अनुष्ठान का संचालन किया। सनातन परंपरा में नारी को शक्ति स्वरूप मानते हुए यह कार्यक्रम नारी सशक्तिकरण और नेतृत्व का प्रतीक बना। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट महिलाओं की सहभागिता रही। इनमें पद्मश्री सम्मानित लोक गायिका मालिनी अवस्थी, जूना अखाड़ा से जुड़ी शैव संन्यासिनी मुक्तेश्वरी गिरी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिप्रा धर तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नीलू मिश्रा शामिल रहीं।

इसके अतिरिक्त वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता ललिता मोदी और काशी हिंदू विश्वविद्यालय की सहायक प्राध्यापक सिद्धिदात्री भारद्वाज ने भी आयोजन में सहभागिता की। मंदिर न्यास के अनुसार यह आयोजन नारी शक्ति, श्रद्धा और सनातन परंपरा का अद्वितीय संगम प्रस्तुत करता है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की महिलाएं एक साथ आकर धार्मिक अनुष्ठान में भागीदारी कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित