वाराणसी , फरवरी 11 -- त्तर प्रदेश के वाराणसी नगर निगम ने काशी की ऐतिहासिक शिव बारात के मार्ग को 48 घंटे के भीतर दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा है। इस क्रम में बुधवार को शिव बारात मार्गों का निरीक्षण करने निकले महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अव्यवस्थाओं को देखते हुए कड़ा रुख अपनाया।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया कि 48 घंटे के भीतर बारात मार्ग की सभी खामियाँ दूर की जाएँ, अन्यथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

महापौर ने लालकुटी व्यायामशाला से पैदल निरीक्षण शुरू किया। लालकुटी महादेव और तिलभांडेश्वर महादेव से निकलने वाली शिव बारात के मार्ग पर जगह-जगह गंदगी और सीवर का मलबा देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सीवर साफ करके मलबा सड़क पर ही छोड़ देना लापरवाही की पराकाष्ठा है। गौरी केदारेश्वर मार्ग पर गंदगी मिलने पर उन्होंने क्षेत्रीय सुपरवाइजर को तत्काल चेतावनी जारी करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिव बारात के दौरान एक भी सीवर मैनहोल ओवरफ्लो नहीं होना चाहिए। मुख्य अभियंता आर.के. सिंह को निर्देशित किया कि जहाँ भी मार्ग उबड़-खाबड़ हैं या पैचवर्क की आवश्यकता है, उसे रातों-रात ठीक कराया जाए। वहीं, प्रकाश विभाग को निर्देश दिया कि बारात वाले रूट पर एक भी स्ट्रीट लाइट बंद नहीं मिलनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित