वाराणसी , दिसंबर 22 -- धार्मिक नगरी काशी में रविवार को बाबा बटुक भैरव नाथ का त्रिगुणात्मक श्रृंगार किया गया। इस दौरान पूरे परिसर को आकर्षक फूलों से सजाया गया। सोमवार को 1100 बटुकों का विशेष पूजन किया जाएगा।
काशी सहित देश के कोने-कोने से भक्तों का हुजूम उमड़ा। विश्व कल्याण की कामना से रुद्र बटुक महायज्ञ देर शाम को महंत जितेंद्र मोहन पूरी महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ।
श्री पूरी महाराज ने बताया कि वर्ष में एक बार इतना गहरा हवन कुंड खोदा जाता है। बाबा का सत्, रज और तम गुणों वाला श्रृंगार किया गया। सुबह बाबा का सात्विक श्रृंगार किया गया। दोपहर बाद स्वर्ण आभूषणों से राजस श्रृंगार किया गया। सायंकाल महाआरती से पूर्व बाबा का तामस श्रृंगार किया गया, जिसमें अंडा, मटन, मदिरा तथा छप्पन भोग अर्पित किए गए। टॉफी और बिस्किट भी भक्तों द्वारा बाबा को अर्पित किए जाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित