वाराणसी , जनवरी 23 -- मोक्षदायिनी धार्मिक नगरी काशी के मणिकर्णिका एवं हरिश्चंद्र घाट पर अब अंतिम संस्कार के लिए आने वाले शवों के आंकड़ों को व्यवस्थित करने तथा परिजनों की सुविधा के लिए नगर निगम ने ऐतिहासिक कदम उठाया है। शुक्रवार को बसंत पंचमी के पावन अवसर पर महापौर अशोक कुमार तिवारी ने हरिश्चंद्र घाट पर फीता काटकर 'नि:शुल्क मृत्यु पंजीकरण' व्यवस्था का विधिवत शुभारंभ किया।

अब दोनों महाश्मशान घाटों पर कंप्यूटरीकृत नि:शुल्क पंजीकरण व्यवस्था शुरू हो गई है। इस व्यवस्था के लागू होने से काशी के दोनों प्रमुख श्मशान घाटों पर अंतिम संस्कार के लिए आने वाले शवों का सटीक एवं वास्तविक आकलन संभव हो सकेगा।

पंजीकरण का शुभारंभ करते हुए महापौर ने कहा कि नगर निगम केवल श्मशान घाटों तक ही सीमित नहीं है। निगम द्वारा मुस्लिम एवं ईसाई समाज के लिए शहर के 12 प्रमुख कब्रिस्तानों को चिन्हित किया गया है। इन कब्रिस्तानों पर भी शीघ्र ही मृत्यु पंजीकरण की कंप्यूटरीकृत व्यवस्था शुरू की जाएगी, ताकि शहर के हर वर्ग को इस सुविधा का लाभ मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित