वाराणसी , दिसंबर 29 -- धार्मिक नगरी काशी में पिछले कुछ दिनों से विदेशी पर्यटकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लेकर जहां कुछ लोग विदेशी मेहमानों के साथ अपमान की बात कह रहे हैं, वहीं दूसरे पक्ष के लोग इसे गलतफहमी बता रहे हैं।
सोमवार को सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेकर जांच की जा रही है। जांच में यदि कुछ गलत पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी। संभवतः यह वीडियो 25 दिसंबर का है। दशाश्वमेध घाट के पास स्नान करने आए विदेशी पर्यटकों से जुड़े इस वायरल वीडियो का असर अब साफ दिखने लगा है। घाट पर हुए घटनाक्रम को लेकर वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि क्रिसमस के दिन कुछ विदेशी नागरिक सैंटा क्लॉज की टोपी और पोशाक पहनकर गंगा स्नान के लिए दशाश्वमेध घाट पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें स्नान करने से रोक दिया। मौके पर भ्रम की स्थिति बन गई, जिसके बाद विदेशी मेहमान चले गए। पुलिस के अनुसार, किसी तरह की लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। आपसी गलतफहमी के चलते विदेशी नागरिकों को स्नान करने से रोका गया। हालांकि, मामला विदेशी पर्यटकों से जुड़ा होने के कारण पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित