वाराणसी , फरवरी 19 -- वाराणसी के सारनाथ स्थित केंद्रीय तिब्बती उच्च शिक्षण संस्थान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार के उत्तर-पूर्व जोन की प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला गुरुवार को वैचारिक संकल्प एवं संगठनात्मक रणनीति के साथ संपन्न हुई।
बैठक में तीनों राज्यों के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा संगठन के प्रमुख नेता शामिल हुए। उन्होंने बूथ स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में गहन मंथन किया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन किया तथा भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पार्पण किया। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम गाया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने संबोधित करते हुए कहा कि व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन निर्माण से राष्ट्र निर्माण,यही भाजपा का मूल ध्येय है। इस उद्देश्य से आयोजित यह प्रशिक्षण अभियान राष्ट्र निर्माण का महायज्ञ है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण एक सतत प्रक्रिया है, जिससे कार्यकर्ताओं का बौद्धिक एवं वैचारिक विकास होता है।
शिव प्रकाश ने आगे कहा कि भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और इसके साथ जिम्मेदारियां भी बहुत बढ़ गई हैं। जनता की बढ़ती अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षित होना अनिवार्य है। उन्होंने इस महाअभियान को राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने वाला महायज्ञ बताया और प्रशिक्षण शिविरों को सादगीपूर्ण तथा सामाजिक सहयोग से संपन्न करने पर जोर दिया। सामाजिक समरसता, आत्मनिर्भरता, स्वदेशी चिंतन, अनुशासन तथा राष्ट्रभावना को आत्मसात करने की आवश्यकता पर भी उन्होंने बल दिया।
राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से प्रशिक्षण महाअभियान की रूपरेखा, उद्देश्य और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 मार्च से 14 अप्रैल तक मंडल स्तर की तथा 15 अप्रैल से 20 मई तक जिला स्तर की कार्यशालायें आयोजित की जाएँगी, जिसके बाद प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण होगा।
तरुण चुग ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद और अंत्योदय का सिद्धांत भाजपा की विचारधारा का आधार है। यह प्रशिक्षण महाअभियान केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि वैचारिक सशक्तिकरण का अभियान है, जिससे प्रत्येक कार्यकर्ता 'राष्ट्र प्रथम' की भावना से ओतप्रोत होगा।
कार्यक्रम के तृतीय एवं चतुर्थ सत्र में सात टीमों के माध्यम से कुल 14 विषयों पर समूह चर्चा हुई। इनमें भाजपा का इतिहास एवं विकास, चुनाव प्रबंधन, वैचारिक अधिष्ठान, समन्वय की भूमिका, कार्यपद्धति, विचार परिवार, संगठन विस्तार, कार्यकर्ता विकास, बूथ प्रबंधन, कार्यालय संचालन, सरकार की उपलब्धियाँ, मोदी सरकार की योजनाएँ, सोशल मीडिया एवं नमो ऐप, एआई आधारित सरल ऐप तथा राष्ट्र के समक्ष चुनौतियाँ प्रमुख थीं।
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो अपने कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देती है। इस अभियान के माध्यम से बूथ स्तर से प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, सरकार की नीतियों तथा जनसेवा के मूल मंत्र से जोड़ा जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित