वाराणसी , जनवरी 22 -- धार्मिक नगरी काशी में बसंत पंचमी और महाशिवरात्रि की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि बसंत पंचमी व महाशिवरात्रि के महापर्वों को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में अल्टीमेटम दिया है कि त्योहारों से पहले शहर की सूरत बदली हुई नजर आनी चाहिए। महापौर ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं में किसी भी स्तर पर कोताही अक्षम्य होगी।
श्री तिवारी ने निर्देश दिए हैं कि पूजा पंडालों के आसपास सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए और नियमित रूप से चूने का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही पूजा समितियों व संचालकों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया है ताकि किसी भी क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो या गंदगी की समस्या न रहे।
महापौर ने बताया कि मां सरस्वती की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अस्थायी कुंडों का निर्माण किया जाएगा तथा पहले से बने कुंडों की तत्काल सफाई कराकर उनमें पर्याप्त पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि विसर्जन के समय भक्तों को असुविधा न हो और गंगा नदी को प्रदूषण से बचाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित